जन सहयोग एवं जन जागरूकता से जीत हासिल होगी एनीमिया परः शंकर लालवानी

By
Font size: Decrease font Enlarge font

 

 

- एनीमिया रथ का इन्दौर नगर में आठ दिवसीय भ्रमण की शुरुआत

- गुड़, चना, मूँगफली, किशमिश का निःशुल्क  वितरण,  रथ में रक्त के निःशुल्क जांच की व्यवस्था

इन्दौर।  देश में घातक रोग एनीमिया के प्रति जन जागरूकता और रोग की रोकथाम के लिए एडवांस होम्योपैथिक मेडिकल रिसर्च एवं वेलफेयर सोसायटी तथा आयुष मेडिकल वेलफेयर के तत्वावधान में आज केन्द्रीय होम्योपैथिक अनुसन्धान परिषद्, आयुष मंत्रालय भारत सरकार में वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. ए.के. द्विवेदी द्वारा इन्दौर नगर में जन जागरूकता रथ निकाला गया। रथ को सांसद शंकर लालवानी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। विधायक महेंद्र हार्डिया, नगर निगम इन्दौर के पार्षद एवं महापौर परिषद् के सदस्य तथा क्षेत्रीय पार्षद विजयलक्ष्मी गोहर अतिथि के रूप में कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद थीं। यह रथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों के 25 हजार घरों तक पहुँचकर एनीमिया बीमारी में होम्योपैथी की उपयोगिता तथा घरों में उपलब्ध सामग्री से एनीमिया दूर करने के तरीके बताएगा।

कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि एनीमिया जैसे घातक रोग को दूर करने के लिए विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों द्वारा संयुक्त प्रयास करने की जरूरत है। एनीमिया का होम्योपैथी में बेहतर इलाज है, पर जरूरत इस बात की है कि, रोग के बारे में आम जनजीवन में जानकारी हो। उन्होंने बताया कि, हमारा उद्देश्य लोगों को समझाइश देना, सर्वे करना और समाधान देना है। इसके लिए जन सहयोग और जन जागरूकता आवश्यक है। घर में उपलब्ध गुड़-चना जैसी सामग्री भी एनीमिया की बीमारी कम करने में लाभप्रद होती है। आज से इन्दौर नगर में भेजे जा रहे इस रथ का उद्देश्य एनीमिया के इलाज और उसकी रोकथाम के बारे में जानकारी देने के साथ जनजागरुकता फैलाना भी है।

सांसद लालवानी ने डॉ. द्विवेदी द्वारा एनीमिया के बारे में वर्षों से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि, इस वर्ष भारत सरकार ने एनीमिया इलाज के लिए बजट में भी प्रावधान किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के इन्दौर प्रवास के दौरान डॉ. द्विवेदी ने मेरे साथ भेंट कर एनीमिया के बारे में चर्चा की थी। राष्ट्रपतिजी ने डॉ. द्विवेदी द्वारा दिए गए प्रतिवेदन को केन्द्र सरकार को प्रेषित किया था। बजट में इस प्रतिवेदन का प्रभाव परिलक्षित है। विधायक हार्डिया ने कहा कि, बीमारी के इलाज के लिए जागरूकता आवश्यक है। महापौर परिषद् के सदस्य राजेश उदावत तथा पार्षद विजयलक्ष्मी गोहर ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया तथा डॉ. द्विवेदी द्वारा किए जा रहे इस जन जागरूकता अभियान के  प्रयासों की सराहना की।

5 मार्च तक प्रतिदिन नगर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेगा रथ

जन जागरूकता रथ 5 मार्च तक प्रतिदिन नगर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेगा। रक्त की कमी या एनीमिया के लक्षण वाले चिन्हित व्यक्तियों के रक्त का सेम्पल लेने की  निःशुल्क  व्यवस्था एनीमिया रथ द्वारा की जाएगी। लक्षण वाले लोगों को गुड़-चना, मूँगफली दाना तथा किशमिश  का  निःशुल्क  वितरण किया जाएगा। आवश्यकतानुसार होम्योपैथी औषधियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. द्विवेदी तथा उनकी टीम के सदस्यों ने खुद भी रथ के साथ नगर का भ्रमण किया। कार्यक्रम में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, इन्दौर के मनोचिकित्सक डॉ. वैभव चतुर्वेदी, भोपाल शिवांगी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डी.एन. मिश्रा, जबलपुर के चिकित्सक डॉ. राजकुमार कुशवाहा, जनसम्पर्क विभाग के पूर्व अपर सचिव डॉ. भूपेन्द्र गौतम तथा आयुष चिकित्सक एवं विद्यार्थी तथा नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राकेश यादव ने किया, आभार दीपक उपाध्याय ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. जितेन्द्र पुरी तथा विनय पाण्डेय द्वारा किया गया। इस आठ दिवसीय रथ का संचालन डॉ. विवेक शर्मा एवं डॉ. जितेन्द्र पुरी व उनके सहयोगियों द्वारा किया जाएगा। एनीमिया सम्बन्धित रक्त जाँच डॉ. द्विवेदी के आग्रह पर एप्पल पैथोलॉजी द्वारा निःशुल्क की जा रही है।