इंदौर शहर के 69 केंद्रों पर फ्री में सतर्कता डोज लगने की शुरुआत

By
Font size: Decrease font Enlarge font
इंदौर शहर के 69 केंद्रों पर फ्री में सतर्कता डोज लगने की शुरुआत

- आगामी 75 दिनों तक चलेगा तीसरा बूस्टर डोज लगाने का अभियान

इंदौर। 18 वर्ष से अधिक उम्र के हर व्यक्ति (व्यस्क) को शुक्रवार से कोरोना संक्रमण रोधी तीसरा डोज यानी सतर्कता डोज फ्री में लगाने की शुरुआत की जा रही है। लेकिन इंदौर सहित पूरे मप्र में 21 जुलाई से इसका विधिवत महाभियान शुरू होगा। शुक्रवार को इंदौर में 69 केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग यह तीसरा डोज लगा रहा है। विभाग के पास कोविशील्ड और कोवैक्सीन के लगभग एक लाख डोज रखे हैं। अभियान के लिए आने वाले दिनों में अतिरिक्त डोज भिजवाए जाएंगे।
पूरे मप्र में 15 दिन का टीकाकरण महाभियान चलाया जाएगा, जिसको लेकर एक दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बैठक भी ली, जिसमें मुख्य सचिव इकबालसिंह बैस के अलावा अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। केंद्र सरकार ने तीसरा बूस्टर डोज (सतर्कता डोज) मुफ्त में लगाने की घोषणा की है जिसके लिए शुक्रवार से ही अभियान शुरू हो रहा है जो अगामी 75 दिनों तक चलेगा और 30 सितंबर तक सभी को तीसरा बूस्टर डोज लगवाने का भी लक्ष्य रखा गया है। 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को सरकारी और अन्य टीकाकरण केंद्रों पर यह सतर्कता डोज लगाए जाएंगे। इंदौर के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता का कहना है कि 22 लाख से अधिक लोगों को इंदौर में यह बूस्टर डोज लगाए जाना है, जिसकी शुरुआत शुक्रवार से की जा रही है। 69 टीकाकरण केंद्रों पर यह डोज लगेंगे, जिनमें निगम के सभी झोनल कार्यालयों के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थाएं और वे केंद्र शामिल रहेंगे, जहां पर अभी लगातार टीकाकरण कार्य किया जा रहा है।

इंदौर में गुरुवार को कोरोना के 102 मरीज मिले

इधर, इंदौर में गुरुवार को कोरना के 102 मरीज मिले। पांच महीने बाद मरीजों का आंकड़ा 100 के पार हुआ है। इसके पहले 17 फरवरी 2022 को इंदौर में एक ही दिन में 100 मरीज मिले थे। गुरुवार को 721 नमूनों की जांच की गई। यानी संक्रमण दर 14.14 फीसदी रही। मार्च के बाद से पहली बार शहर में एक ही दिन में नमूनों की संख्या 700 के पार हुई है। वहीं किसी समय जिले में उपचाररत मरीजों की संख्या एक अंक में थी लेकिन फिलहाल कोरोना के 485 मरीजों का इलाज चल रहा है। तो गुरुवार 40 लोग ठीक भी हुए।